International Journal of Contemporary Research In Multidisciplinary, 2025;4(6):770-776
जनमत निर्माण में संचार साधनों की भूमिका : झुंझुनूं जिले के 2023 विधानसभा चुनाव के विशेष संदर्भ में
Author Name: नवीन कुमार; प्रोफेसर डॉ सुरेन्द्र सिंह;
Paper Type: research paper
Article Information
Abstract:
प्रस्तुत शोध अध्ययन "जनमत निर्माण में संचार साधनों की भूमिका : झुंझुनूं जिले के 2023 विधानसभा चुनाव के विशेष संदर्भ में" विषय पर मुख्य आधारित है। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनमत का विशेष महत्व होता है क्योंकि यह चुनावी परिणामों, राजनीतिक निर्णयों तथा शासन व्यवस्था को प्रभावित करता है। जनमत निर्माण की प्रक्रिया में संचार साधनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। वर्तमान समय में समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन तथा सोशल मीडिया जैसे संचार माध्यम मतदाताओं तक राजनीतिक सूचनाएँ पहुँचाने और उनके विचारों को प्रभावित करने का कार्य करते हैं। इस शोध का उद्देश्य झुंझुनूं जिले के 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान संचार माध्यमों की भूमिका का अध्ययन करना तथा यह विश्लेषण करना है कि विभिन्न मीडिया माध्यमों ने मतदाताओं के राजनीतिक दृष्टिकोण, जागरूकता एवं मतदान व्यवहार को किस प्रकार प्रभावित किया।
प्रस्तुत शोध अध्ययन के लिए वर्णनात्मक एवं विश्लेषणात्मक अनुसंधान पद्धति का उपयोग किया गया है। शोध में प्राथमिक एवं द्वितीयक दोनों प्रकार के स्रोतों से जानकारी प्राप्त की गई। प्राथमिक आंकड़े प्रश्नावली एवं उत्तरदाताओं से प्राप्त प्रतिक्रियाओं पर आधारित हैं, जबकि द्वितीयक आंकड़े पुस्तकों, शोध पत्रों, समाचार पत्रों, निर्वाचन आयोग की रिपोर्टों तथा अन्य आधिकारिक स्रोतों से संकलित किए गए हैं। अध्ययन हेतु 100 उत्तरदाताओं का चयन कर उनके विचारों का विश्लेषण किया गया।
शोध के परिणामों से ज्ञात हुआ कि झुंझुनूं जिले के 2023 विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया मतदाताओं के लिए चुनावी जानकारी का सबसे प्रमुख स्रोत रहा। लगभग 42 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने सोशल मीडिया को चुनावी सूचना का मुख्य माध्यम बताया, जबकि टेलीविजन और समाचार पत्रों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। अध्ययन से यह भी स्पष्ट हुआ कि 68 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने स्वीकार किया कि मीडिया ने उनके मतदान निर्णय को प्रभावित किया। विशेष रूप से युवा मतदाताओं पर सोशल मीडिया का प्रभाव अधिक पाया गया। इसके अतिरिक्त मीडिया ने रोजगार, शिक्षा, कृषि, पेयजल एवं विकास जैसे स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देकर जनमत निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अध्ययन में यह भी पाया गया कि संचार माध्यमों ने राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने में सकारात्मक भूमिका निभाई। हालांकि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के साथ फेक न्यूज, अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की समस्या भी सामने आई, जिसने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता के लिए चुनौती उत्पन्न की। इसलिए मीडिया की विश्वसनीयता, तथ्यपरकता तथा उत्तरदायित्व को सुनिश्चित करना आवश्यक है।
निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि झुंझुनूं जिले के 2023 विधानसभा चुनाव में संचार साधनों ने जनमत निर्माण, राजनीतिक जागरूकता तथा मतदान व्यवहार को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आधुनिक लोकतंत्र में मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं है, बल्कि वह जनमत को दिशा देने वाला एक प्रभावशाली उपकरण बन चुका है।
Keywords:
जनमत, संचार साधन, मीडिया, सोशल मीडिया, राजनीतिक संचार, विधानसभा चुनाव 2023, झुंझुनूं जिला, मतदान व्यवहार, राजनीतिक जागरूकता।
How to Cite this Article:
नवीन कुमार,प्रोफेसर डॉ सुरेन्द्र सिंह. जनमत निर्माण में संचार साधनों की भूमिका : झुंझुनूं जिले के 2023 विधानसभा चुनाव के विशेष संदर्भ में. International Journal of Contemporary Research in Multidisciplinary. 2025: 4(6):770-776
Download PDF